माल्या-मोदी देश छोड़कर भागे लेकिन 'चौकीदार' चुप रहा- राहुल गांधी


बेंगलुरु। कर्नाटक में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनैतिक दलों की तरफ से तैयारियां तेज हो गईं है। अपने तीन दिवसीय कर्नाटक दौरे पर गए राहुल गांधी ने रविवार को राज्य के मुलावाड में कांग्रेस की जन आर्शीवाद यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्र पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, 'पैसा किसानों, मजदूरों की जेब से निकालकर 10 उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। आपने देश के 10 सबसे अमीर उद्योगपतियों का लोन माफ किया, मोदी जी क्या आप हिंदुस्तान के किसानों का लोन माफ करोगे, कोई जवाब नहीं मिला। मैंने मोदी जी से मुलाकात की और उनसे कहा कि गरीब किसानों का कर्ज भी उसी तरह माफ किया जाए जैसे उद्योगपतियों का किया गया। मोदी जी ने मेरे सवाल का जवाब नहीं दिया। यही सवाल मैंने सिद्धारमैया जी से किया और उन्होंने कार्रवाई करते हुए किसानों का 8000 करोड़ रुपए का लोन माफ कर दिया।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'आपने पूरे देश से कहा था कि आप चौकीदार होंगे। कर्नाटक में आपके पिछले मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी हैं। अमित शाह के बेटे जय शाह पर भी आरोप लगे, लेकिन आप सब पर खामोश रहे। नीरव मोदी, विजय माल्या देश छोड़ के भाग गए लेकिन आप चुप हैं।'
राहुल यहीं नहीं रूके, उन्होंने आगे कहा, 'हमने कभी नहीं कहा कि हम भारत को बदल रहे हैं। हम जानते हैं कि देश का युवा, महिलाएं और अनुभव देश को बदल रहा है। कांग्रेस केवल उनके साथ खड़ा होकर इनस बदलाव की भागीदार बनना चाहती है।'
आपको बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह राहुल गांधी का दूसरा कर्नाटक दौरा है। अपने पहले टूर के तहत उन्होंने बेल्लारी, कोप्पल, राइचूर, यदगिर, गुलबर्ग और बिदर जिलों का दौरा किया था। इसके अलावा ने कई प्रसिद्ध मंदिरों और धार्मिक स्थलों का भी दौरा किया था।

SHARE THIS

Author:

Previous Post
Next Post